मानपुर में बवाल : 12 नामजद समेत 30 पर एफआईआर
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव मानपुर मढैया में शौचालयों की जांच के दौरान हुई मारपीट फायरिंग के मामले में पुलिस ने दोनों ओर से 12 नामजद समेत 30 के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने ग्राम प्रधान और पुत्र सहित पांच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि बुधवार की शाम मानपुर गांव के पूर्व प्रधान उपेंद्र मलिक की शिकायत पर जांच करने पहुंचे जिला खाद वितरण अधिकारी के सामने उपेन्द्र मलिक और मानपुर के वर्तमान प्रधान प्रवेश मलिक के उनके साथी बिसुन्धरा प्रधान पुत्र निवेश चौहान में मारपीट और फायरिंग हो गई थी। जिसमें जांच अधिकारी जांच को बीच में छोड़कर भाग गये थे। अगौता पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बिगड़ती स्थिति को संभालकर पूर्व प्रधान समेत तीन प्रधानों को हिरासत में लेकर थाने ले आई थी। देर रात उपेन्द्र मलिक ने छह लोगों को नामजद करते हुए 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जबकि मानपुर ग्राम प्रधान प्रवेश मलिक ने गांव के ही पूर्व प्रधान समेत छह को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। आईओ विरेन्द्र सिंह ने बताया कि एक पक्ष में उपेन्द्र मलिक, जितेन्द्र, लेखराज व दूसरे पक्ष से वर्तमान ग्राम प्रधान प्रवेश और गांव बिसुन्धरा निवासी ग्राम प्रधान पुत्र निवेश चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों पक्षों की ओर से 12 नामजद समेत 30 के खिलाफ बलवे की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
.................................
फायरिंग नहीं होती तो मारा जाता पूर्व प्रधान उपेन्द्र
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव मानपुर मढैया में शौचालयों की जांच के दौरान हुए बवाल में यदि हिस्ट्रीशीटर बदमाश ग्रामीणों पर फायरिंग नहीं करता तो पूर्व प्रधान उपेन्द्र मलिक ग्रामीणों के हाथों से मारा जाता। बता दें कि पहले उपेन्द्र के लोगों ने बिसुन्धरा ग्राम प्रधान के पुत्र निवेश चौहान की पिटाई की थी। बाद में निवेश ने गांव को फोन कर अपने परिजनों एवं ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान उपेन्द्र मलिक पर लाठी डंडों से पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिसुन्धरा के ग्रामीण हाथों में लाठी डंडे लेकर आये थे और पूर्व प्रधान पर हमला बोल दिया। कुछ लोग पूर्व प्रधान को बिसुन्धरा ले जाने लगे। घटना स्थल करीब 100 मीटर उपद्रवी लोग पूर्व प्रधान को खींचकर ले गये। बाद में हिस्ट्रीशीटर बदमाश मौके पर पहुंचा और उसने ग्रामीणों पर फायरिंग कर डाली। जिससे ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीण पूर्व प्रधान को अधमरा छोड़कर भाग खड़े हुए। यदि हिस्ट्रीशीटर फायरिंग नहीं करता तो पूर्व प्रधान उपेन्द्र मलिक को जान से मार देते।