सुमंगला योजना का लाभ देने में जनपद कोसों दूर
बुलंदशहर। प्रदेश सरकार की ओर से कन्याओं के हित में चलाई गई कन्या सुमंगला योजना जनपद में कोसों दूर है। अभी तक मात्र आठ हजार छात्राओं के ही फार्म भरवाए गए हैं। अब योजना के काम में तेजी लाने के लिए सभी एसडीएम और बीडीओ का सहारा लिया जा रहा है।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने कक्षा एक से लेकर उच्च शिक्षा तक की कक्षाओं में प्रवेश लेने वाली कन्याओं की शिक्षा के साथ उनके शिक्षण संस्थानों में प्रवेश आदि मदद करने के लिए कन्या सुमंगला योजना की शुरूआत की है। योजना के तहत छात्राओं को 15 हजार रुपये तक की मदद मिलेगी। इस योजना के तहत शासन ने आदेश जारी किया था कि जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से सभी शिक्षण संस्थानों में कक्षा एक, कक्षा छह और कक्षा नौ आदि कक्षाओं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के आवेदन भरवाए जाएं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद ली। जबकि अभी तक जनपद में करीब आठ हजार फार्म ही भरे जा सके हैं। वहीं, अब इस योजना का लाभ देने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विभाग ने योजना से संबंधित साइट को भी खोल दिया है। इस योजना के संचालन में जनपद पिछड़ने पर अब विभागीय अधिकारियों ने सभी एसडीएम और बीडीओ का सहारा लेकर अधिक से अधिक पात्र छात्राओं के आवेदन करवाने की पहल की है। अफसरों ने छात्राओं के अभिभावकों से भी आह्वान किया है कि वह ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं।
---------
कन्या सुमंगला योजना में अभी बहुत कम आवेदन हुए हैं। इसके चलते एसडीएम और बीडीओ को भी पत्र जारी कर अधिक से अधिक छात्राओं के आवेदन करवाने का निर्णय लिया है। अभिभावक भी आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
- नगेंद्रपाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बुलंदशहर