लापरवाही बरतने पर दो शिक्षक निलंबित, एक का कटा वेतन
बुलंदशहर। समय से विद्यालय न आने पर और बिना सूचना नदारद रहने पर बीएसए ने दो शिक्षकों को निलंबित कर एक शिक्षक का वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही अन्य शिक्षकाें को समय से विद्यालय आने और बिना सूचना दिए नदारद रहने पर कार्रवाई की सख्त चेतावनी जारी कर दी है।
बता दें कि डिबाई क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में समय से शिक्षकों के न आने और अनुपस्थित रहने की विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसे बीएसए द्वारा संज्ञान में लेते हुए गत 12 सितंबर को खंड शिक्षा अधिकारी को दोनों विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण में उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक अमरीश कुमार बिना सूचना के अवकाश पर मिले और वहीं, शिक्षक सौरव कुमार देरी से विद्यालय आए। दोनों से स्पष्टीकरण मांगने पर शिक्षक सौरव द्वारा अपनी गलती स्वीकार कर ली गई, लेकिन शिक्षक अमरीश कुमार द्वारा संतोषजनक उत्तर न देने पर बीएसए को रिपोर्ट भेज दी गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर में प्रधानाध्यापक रामबाबू द्वारा अवकाश को हटाकर उपस्थिति दर्ज करने का प्रयास किया गया। बीएसए अम्बरीष कुमार ने बताया कि एक शिक्षक द्वारा गलती स्वीकार करने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिया गया है। जबकि लापरवाही बरतने वाले दोनों शिक्षकाें को निलंबित कर दिया गया है। बताया कि लापरवाही बरतने वाले अन्य शिक्षकों पर कार्रवाई जारी रहेगा।