विकास भवन बना मयखाना, जगह-जगह मिली शराब की खाली बोतलें
बुलंदशहर। विकास भवन आजकल मयखाना बना हुआ है। यहां पर जगह-जगह शराब की खाली पड़ी बोतलें इस बात का सबूत दे रही हैं। वहीं, दूसरी ओर सीडीओ ने मामला संज्ञान में आने पर शिकंजा कसने का दावा किया है।
बता दें कि मंगलवार को विकास भवन में वाहन पार्किंग के लिए बने बरामदे में खड़ी एक कंडम गाड़ी के बोनट पर बीयर की खाली बोतल रखी थी। इस खाली बोतल ने साबित कर दिया कि विकास भवन इस समय मयखाना बना हुआ है। इसके बाद जब भवन के अलग-अलग हिस्सों का जायजा लिया गया तो पिछले हिस्से में तीन स्थानों पर शराब की खाली बोतलें और पाई गई। इन सभी को कैमरे में कैद किया गया और इससे सीडीओ को अवगत करवाया गया। बता दें कि इस तरह का मामला पहले भी विकास भवन में उजागर हो चुका है। हालांकि इस समय सीडीओ द्वारा किए जा रहे प्रयासों से विकास भवन के कार्यशैली में काफी सुधार आने के साथ-साथ बदलाव भी देखा जा रहा है। साफ-सफाई भी दुरुस्त होने लगी है। लेकिन जगह-जगह देखी गई शराब की खाली बोतलें इस बात का सबूत दे रही हैं कि यहां कुछ कर्मचारियों ने मयखाना बना लिया है।
कोट
विकास भवन में खाली शराब की बोतल मिलना एक गंभीर मामला है। इस सरकारी भवन को मयखाना बनाने वाले कर्मचारियों का पता करवाया जाएगा। साथ ही उन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी को इस तरह का काम विकास भवन में करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। - सुधीर कुमार रुंगटा, मुख्य विकास अधिकारी, बुलंदशहर।