सांड के हमले में वृद्ध किसान की मौत
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव खंगावली में बुधवार को खेतों पर घूमने गए एक वृद्ध किसान को अपने खेतों से सांड को भगाना भारी पड़ गया। भड़के सांड ने वृद्ध किसान पर हमला कर उसे मार डाला। परिजनों ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
आवारा पशुओं के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार को गांव खंगावली निवासी ब्रहम सिंह (85) अपने खेतों पर घूमने के लिए गए हुए थे। इस दौरान उनके खेतों में आवारा पशु फसल को नष्ट कर रहे थे। वृद्ध किसान ने सांड को खेत से भगाने का प्रयास किया तो सांड ने किसान को टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आवारा पशुओं को भगाया। ग्रामीणों ने परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किसान को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लेखपाल और सदर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तहसीलदार ने सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।