गार्ड को लिफ्ट देकर बंदूक, लाइसेंस लेकर कार सवार फरार
बुलंदशहर। जनपद में कार सवार ठग-चोरों का आतंक है। हाईवे पर आरोपी लोगों को लिफ्ट देकर उनकी नगदी आदि चोरी कर फरार हो जाते हैं। वहीं, अब अज्ञात कार सवार बदमाशों ने एक गार्ड को लिफ्ट देकर एनएच 91 पर उसकी लाइसेंसी बंदूक समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डिबाई थाना क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी सुरेंद्र पाल सिंह पुत्र रघुराज सिंह ने बताया कि वह सिकंदराबाद क्षेत्र में गार्ड के पद पर तैनात हैं। गत सात सितंबर की देर शाम वह सिकंदराबाद से अपने गांव लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एक ईको कार उसके पास आकर रुकी। कार सवारों ने उसे बुलंदशहर जाने की बात कही। जिस पर पीड़ित आरोपियों की कार में सवार हो गया। पीड़ित ने अपनी लाइसेंसी बंदूक को फोल्ड कर अपने बैग में रखा हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि जब वह कार में सवार होकर आईपी कॉलेज के निकट पहुंचा तो कार सवार युवकों ने उसे एक बोतल में नल से पानी लाने के लिए उतार दिया। पीड़ित जब नल पर पहुंचा तो आरोपी उसका बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उसके बैग में लाइसेंसी बंदूक, लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि कीमती कागजात व नगदी थी। पुलिस ने मामले में अब तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसआई सरताज ने बताया कि जल्द ही कार सवार आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।