एक करोड़ से 74 तालाबों का हुआ जीर्णोद्धार
बुलंदशहर। जनपद में 74 तालाबों का जीर्णोद्धार होने के बाद सूरत बदल गई है। इन तालाबों के जीर्णोद्धार पर एक करोड़ से अधिक की राशि खर्च की गई है। साथ ही 106 तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है।
जिला प्रशासन ने पिछले दिनों जनपद में 74 तालाबों के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया था। इन सभी तालाबाें के जीर्णोद्धार का काम मनरेगा से करवाने की योजना बनाई थी। पिछले काफी दिनों से चल रहे इस कार्य पर एक करोड़ से अधिक की राशि खर्च की गई है। इन सभी तालाबों की साफ-सफाई के साथ-साथ चारों और पौधे रोपित किए गए हैं। बैठने के लिए रैप भी बनाए गए हैं। पानी पहुंचाने के लिए नाली निर्माण आदि काम शामिल हैं। अफसरों का दावा है कि 106 तालाबों के जीर्णोद्धार का काम अंतिम चरण में है। यह तालाब लगातार गिरते जा रहे भूजल स्तर को बचाने में भी सहभागी बनेंगे।
परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग सर्वेश चंद ने बताया कि मनरेगा के तहत चयनित किए गए 74 तालाबों के जीर्णोद्धार का काम पूरा हो चुका है। जल शक्ति अभियान में चयनित नौ डार्कजोन ब्लॉकों में 106 तालाबों के जीर्णोद्धार का काम अंतिम चरण में है। इसके बाद और भी तालाबों का जीर्णोद्धार करवाने की योजना है।