बीबीनगर पुलिस द्वारा पकड़े गए हत्यारोपी मां बेटा पुलिस हिरासत में।
- फोटो : BULANDSHAHR
पत्नी व पुत्र ने नौकरी और रुपयों के लालच में कर दी पिता की हत्या...
बुलंदशहर। तीन दिन से लापता थाना क्षेत्र के एक स्कूल में तैनात चपरासी का शव सोमवार सुबह टुकड़ों में अलग-अलग स्थानों पर पड़ा हुआ मिला था। मंगलवार सुबह पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी व पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बताया गया कि आरोपियों ने नौकरी और रुपयों के लालच में हत्या की थी।
थाना क्षेत्र के गांव अहमदानगर निवासी तेजराम उर्फ तेजा प्रजापति(59) अगौता थाना क्षेत्र के गांवी सीही स्थित इंटर कालेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। करीब चार माह बाद जनवरी 2020 में तेजराम प्रजापति सेवानिवृत्त होने वाले थे। चार दिन पूर्व तेजराम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। वहीं, सोमवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीणों ने तेजराम के शरीर का एक हिस्सा गांव के ही एक स्कूल के पास पड़ा हुआ देखा। उसके एक हाथ में कड़ा व अंगूठी से उसकी शिनाख्त की गई। शव का दूसरा हिस्सा कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में व तीसरा हिस्सा कूड़ी के ढेर से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस थाना पुलिस ने शव के हिस्सों को कब्जे में ले लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। साथ ही मृतक के एक पुत्र जगवीर की शिकायत पर मृतक की पत्नी व दूसरे पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी व पुत्र से पूछताछ की गई तो सामने आया कि मृतक की पत्नी का अपने पति से विवाद चल रहा था। आरोपी पत्नी ने मृतक आश्रित में नौकरी व पेंशन और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले रुपयों का लालच दिलाकर छोटे पुत्र कपिल के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल बलकटी आदि भी बरामद कर ली है। साथ ही दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।