मेडिकल देने वाले शिक्षकों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों के जिन शिक्षकों ने समायोजन से बचने के लिए अपना मेडिकल दिया था, उनका जल्द ही स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाएगा। इसके लिए डीएम के आदेश पर चिकित्सकों की टीम बनेगी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
परिषदीय स्कूलों में विगत दिनों शासन के आदेश पर छात्रों का समायोजन हुआ था। इसके दायरे में 480 शिक्षक आए थे। बीएसए ने इनकी सूची भी जारी कर दी थी। यह सूची जारी होने पर अधिकतर शिक्षकों ने अपने प्रत्यावेदन दिए तो 50 से अधिक शिक्षकों ने समायोजन से बचने के लिए अपने मेडिकल दे दिए। शिक्षकों द्वारा दिए गए प्रत्यावेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद समायोजन में शामिल शिक्षकों की सूची जारी हो चुकी है। जो शिक्षक कोर्ट से स्टे लाए थे, उनकी भी जल्द आगामी कार्रवाई की जाएगी। जबकि जिन शिक्षकों ने अपने मेडिकल दिए हैं। उनको समायोजन में शामिल किया जाएगा या नहीं, इसका निर्णय उनके स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही होगा। इसके लिए डीएम रविंद्र कुमार ने बीएसए को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश है कि मेडिकल देने वाले शिक्षकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए चिकित्सकों की एक टीम बनाई जाए। इसके लिए बीएसए ने सीएमओ से भी संपर्क करना शुरू कर दिया है। जल्द ही सभी मेडिकल देने वाले शिक्षकों के स्वास्थ्य का परीक्षण होगा। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।
कोट...
समायोजन में शामिल जिन शिक्षकों ने मेडिकल दिया है, चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य की जांच करेगी। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि उनके द्वारा लगाया गया मेडिकल सही है या गलत। इसी के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी। - अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बुुलंदशहर।