बुलंदशहर के 1144 गांव पर ओडीएफ की लगी मुहर
बुलंदशहर। मंडल स्तर से हुई जांच के बाद अब जिले के 1144 गांवों पर ओडीएफ की मुहर लग गई है। अब सिर्फ जनपद में ओडीएफ होने से 32 गांव शेष रह गए हैं। बता दें कि जिला स्तर पर ओडीएफ घोषित होने के बाद मंडल से हुई जांच में 252 गांव ओडीएफ में फेल हो गए थे।
बता दें कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जनपद में 951 ग्राम पंचायतों के 1176 राजस्व गांवों में 2.68 लाख शौचालय बनवाए गए। यह शौचालय बनने के बाद गत वर्ष 15 अक्टूबर को तत्कालीन डीएम ने जनपद को ओडीएफ घोषित कर दिया था। इसके बाद जिला स्तर पर ओडीएफ घोषित हुए जिले की हकीकत का पता करने के लिए मंडल स्तर से जांच की गई थी। इस दौरान जनपद के 1176 गांवों में से 252 गांव ओडीएफ में फेल हो गए थे। जबकि 924 गांवों को मंडल स्तर से ओडीएफ कर दिया गया था। इस पर विभागीय अफसराें ने ओडीएफ में फेल हुए गांवों के शौचालयों की कमी को दूर कर इसकी सूचना मंडल स्तर के अधिकारियों को दी। यह जानकारी मिलने पर मंडल स्तर ओडीएफ में फेल हो चुके गांवों की एक बार फिर जांच की गई, जो अभी भी जारी है। अफसरों का दावा है कि अब जनपद के 1144 गांव मंडल स्तर से ओडीएफ हो चुके हैं। अब सिर्फ 32 गांव शेष बचे हैं और उनकी मंडल स्तर से जांच जारी है। जल्द ही इन गांवों की जांच पूरी होने पर उन पर भी ओडीएफ की मोहर लग जाएगी।
कोट =
मंडल स्तर से हुई जांच में जो गांव ओडीएफ में फेल हो गए थे। उनकी जांच दोबारा जारी है। अब तक जिले के 1144 गांव मंडल स्तर से ओडीएफ हो गए हैं, जबकि शेष गांवों को भी जल्द ही मंडल स्तर से ओडीएफ कर दिया जाएगा।
- अमरजीत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, बुलंदशहर।