रिटायर्ड आर्मी सूबेदार मेजर के घर बदमाशों ने महिला को बंधक बना की लूट
डिबाई। कोतवाली के समीप एक कॉलोनी में बुधवार देर रात चार हथियारबंद बदमाश रिटायर्ड सूबेदार मेजर के घर में घुस गए। आरोपियों ने इस दौरान रिटायर्ड फौजी की पत्नी को बंधक बनाकर मारपीट की। साथ ही महिला को बेहोश कर बदमाश अपने साथ घर में रखे 4.86 लाख रुपये की नगदी और करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लूट कर फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
नगर के कुसैया मार्ग पर स्थित शिव कालोनी में रिटायर्ड आर्मी सूबेदार मेजर राजकुमार सिंह का मकान है। उन्होनें पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह तहरीर देकर बताया कि वह बुधवार रात को अपने पुत्र को लेकर बाहर कमरे में सो रहे थे। दूसरे कमरे में उनकी पत्नी सर्वेश देवी सो रही थीं। रात करीब डेढ़ बजे चार अज्ञात हथियारबंद बदमाश बाउंड्री कूद कर बरामदे में घुस आए। इसके बाद आरोपियों ने मुख्य द्वार की जाली काट कर सब्बल आदि से गेट का कुंदा तोड़ दिया और घर में प्रवेश किया। बदमाशों ने इसके बाद वादी की पत्नी को हथियारों से भयभीत कर मारपीट की तथा उसके हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश बैडबाक्स में रखे 4.86 लाख रुपये की नगदी तथा दूसरे कमरे की सेफ में रखे सोने व चांदी के करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट लिए। इसके बाद बदमाश उनकी पत्नी को नशीला पदार्थ सुंघाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी उन्हें सुबह साढ़े चार बजे हुई, जब उन्होनें अपने 11 वर्षीय पुत्र अभय को स्कूल जाने को उठाया। वह पत्नी के कमरे में पहुंचे तो पत्नी के हाथ-पैर बंधे थे और वह बेहोश अवस्था में पड़ी थी। पीड़ित ने बताया कि उसके बाद उन्होनें पत्नी को एक निजी अस्पताल में उपचार को भर्ती कराया। पुलिस के आने के बाद उन्हें सीएचसी पर उपचार कराया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें छुट्टी दे दी। वह घर में बेसुध अवस्था में पड़ी थीं। पीड़ित राजकुमार पुत्र भूरा सिंह ने पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।
---------
तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद अन्य बिंदुओं पर जांच की जायेगी। जल्द ही आरोपियों को दबोच कर वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
- अखिलेश कुमार गौड़, निरीक्षक डिबाई