बुलंदशहर। एक विवाहिता की शिकायत पर पति एवं अन्य ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न, सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने का आदेश कोर्ट ने जारी कर दिया है। लेकिन वहीं दूसरी ओर पति ने विवाहिता पर फैसले के नाम पर ससुरालियों से 80 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। पति की शिकायत पर एसएसपी ने नगर कोतवाल को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
नगर क्षेत्र की एक युवती की कुछ माह पहले ही शादी हुई थी। शादी के बाद अनबन होने पर युवती अपने मायके लौट आई। बीते दिनों कोर्ट ने पति एवं अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, हत्या का प्रयास और सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। बृहस्पतिवार को आरोपी पति अन्य परिजनों के साथ एसएसपी के समक्ष पेश हुआ। पति ने बताया कि दहेज उत्पीड़न एवं अन्य आरोप बिल्कुल झूठे हैं। उसने बताया कि पत्नी द्वारा गैंगरेप में फैसले के नाम पर 80 लाख रुपये की मांग की जा रही है। इसकी उसके पास रिकार्डिंग भी है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने नगर कोतवाल को प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए हैं।