भूमि की नापी के विरोध में सास ने पी कीटनाशक तो बहु ने उड़ेला केरोसिन
स्याना। खाद मोहन नगर गांव में जमीन की नापी किये जाने के विरोध में एक पक्ष की सास-बहु ने कीटनाशक दवा सहित मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। सास को स्याना के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। सूचना पर एसडीएम सुभाष सिंह व एसपी आरए मनीष कुमार भी अस्पताल पहुंचे। ग्राम खाद मोहन नगर गांव में चकबंदी की प्रक्रि या पूर्ण हो चुकी है। लेकिन अभी कुछ चकों पर कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही नहीं हो पाई है। उधर, महिलाओं द्वारा नापी के विरोध में उठाए गए कदम से चकबंदी व पुलिस विभाग के अधिकारी भी सकते में हैं।
बताया जाता है कि कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही चाहते हुए एक पक्ष द्वारा विधिक प्रक्रिया पूर्ण की गई जिस पर चकबंदी विभाग के कानूनगो सहदेव शर्मा व लक्ष्मण सिंह, लेखपाल मान सिंह, संदीप कुमार व नीरज शर्मा के साथ स्याना कोतवाली पुलिस के एसआई प्रताप बालियान, सचिन बालियान व नवीन कुमार की टीम भूमि की नाप कराने के लिए मौके पर पहुंची। इस टीम को देखकर दूसरे पक्ष द्वारा विरोध जताया गया जिसमें सास द्वारा कीटनाशक दवा पी ली गई व बहु ने अपने ऊपर मिटटी का तेल छिड़क लिया। जिसे देखकर मौके पर पहुंची चक बंदी व पुलिस की टीम सकते में आ गई। टीम द्वारा कीटनाशक की दवा का सेवन करने वाली महिला को इलाज के लिए स्याना लाया गया। इस घटना से पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी आरए मनीष कुमार, एसडीएम सुभाष सिंह व कोतवाल नरेन्द्र कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे। इस घटना के बारे में एसडीएम सुभाष सिंह का कहना है कि भूमि की नाप किये जाने के विरोध में सास-बहु द्वारा इस प्रकार का कृत्य किया गया है। कीटनाशक दवा का सेवन करने वाली महिला की हालत अब खतरे से बाहर है, जबकि बहु द्वारा केवल अपने कपड़ों पर मिट्टी का तेल ही छिड़का गया था। इस प्रकरण में अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है।