गोवंश कटान की कोशिश करते एक गोतस्कर को दबोचा
बुलंदशहर। देहात कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात एक शातिर गोतस्कर को गोवंश कटान की कोशिश करते दबोच लिया। आरोपी के तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही मौके से पुलिस ने तीन गोवंशों को बरामद किया है।
सोमवार देर रात देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि चार गोतस्कर गुलावठी रोड से कुड़वल जाने वाले मार्ग पर एक बाग में गोवंश कटान की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर देहात कोतवाल टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए बाग में घेराबंदी करनी शुरू कर दी। इस दौरान तीन आरोपी मौके से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया, जिसकी शिनाख्त शहीद उर्फ बहरा पुत्र हबीब निवासी गांव अकबरपुर के रूप में हुई। जबकि फरार साथियों की शिनाख्त आसिफ उर्फ काला पुत्र यामीन निवासी गांव गिनौरा शेख थाना कोतवाली देहात, इमरान पुत्र रशीद और मोहम्मद शफीक पुत्र कय्यूम निवासीगण गांव दरियापुर थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। देहात कोतवाल ने बताया कि मौके से तीन गोवंशों को सकुशल बरामद कर उन्हें सुपुर्दगी में देकर गोशाला भिजवाया जा रहा है। साथ ही पकड़े आरोपी के पास से गोवंश कटान के हथियार बरामद हुए हैं, उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जबकि, फरार तीनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा।