सऊदी अरब से पति ने दिया पत्नी को ‘तीन तलाक’
जहांगीराबाद । नगर निवासी एक महिला को उसके पति ने सऊदी अरब से तीन तलाक दे दिया। पीड़ित महिला का पति शादी के कुछ समय बाद से ही सऊदी अरब में नौकरी करता है। महिला ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर अपने ससुरालियों पर दहेज की खातिर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कार्यवाई की मांग की है, एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर निवासी एक महिला ने सऊदी अरब में रह रहे अपने पति पर फोन से तीन तलाक देने व ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने बीते दिनों एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि उसकी शादी 19 सितंबर 2011 को कोतवाली नगर बुलंदशहर निवासी राशिद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे अतिरिक्त दहेज की मांग कर प्रताड़ित करते थे। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पति व अन्य ससुरालवाले उसका मानसिक व शारीरिक शोषण भी करते थे। लगभग चार माह पूर्व पीड़िता के पति ने उसे सऊदी अरब से ही तीन तलाक दे दिया। पति द्वारा तीन तलाक देने के बाद पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ घरेलू हिंसा व भरण पोषण के लिए न्यायालय में वाद दायर कर दिया। पीड़िता द्वारा शिकायती पत्र में यह आरोप भी लगाया गया है कि विगत 23 अगस्त को सुनवाई के लिए न्यायालय जाते समय पीड़िता व उसके भाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने घेर लिया और मुकदमा वापस लेने की धमकी दी। मुकदमा वापस लेने से मना करने पर आरोपियों ने पीड़िता व उसके भाई के साथ मारपीट भी की। शोर सुनकर मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों को देखकर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति राशिद, सास व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।