मेडिकल बनाने से किया इंकार तो पुलिसकर्मी और वार्डब्वॉय में हुई मारपीट
बुलंदशहर। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मेडिकल नहीं बनाने पर एक पुलिसकर्मी और वार्डब्वॉय के बीच मारपीट हो गई। वार्ड ब्वॉय से मारपीट करने पर चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर रोष जताया। साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी को पुलिस को सौंपते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस पर तहरीर रिसीव न करने का भी आरोप लगाया है।
बता दें कि जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार दोपहर ककोड़ थाना क्षेत्र के डायल 100 गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मी पुलिस लाइन से रेफर होकर आया था। पुलिसकर्मी सादे वर्दी में था और ओपीडी के कक्ष संख्या आठ में फिजीशियन डॉ. अनिरुद्ध प्रताप के पास अवकाश के लिए मेडिकल बनाने का दबाव बनाने लगा। लेकिन चिकित्सक द्वारा बिना जांच रिपोर्ट के मेडिकल बनाने से इंकार कर दिया गया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। जिस पर कक्ष में मौजूद वार्डब्वॉय परवेज आलम ने पुलिसकर्मी को कक्ष से बाहर जाने को कहा तो पुलिसकर्मी ने अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मी द्वारा कक्ष में रखे कुर्सी-स्टूल को फेंक दिया गया। जिससे वार्डब्वॉय के कान और सिर में चोट लगने से खून बहने लगे। वहीं, हंगामे की सूचना मिलने पर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी और चिकित्सक मौके पर पहुंच गए और आरोपी पुलिसकर्मी को कक्ष में बैठाकर पुलिस को सूचना दे दी। वहीं, पुलिसकर्मी ने भी वार्डब्वॉय पर मारपीट करने का आरोप लगाया। अस्पताल के सीएमएस और चिकित्सकों ने पुलिसकर्मी को पुलिस हिरासत में देकर कार्रवाई की मांग की। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशीष प्रकाश ने बताया कि पुलिसकर्मी को इस तरह अभद्र व्यवहार और मारपीट नहंी करनी चाहिए थी। गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाया गया और न करने पर मारपीट की गई। जिसे अस्पताल प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई के लिए वार्डब्वॉय द्वारा तहरीर दे दी गई है। मगर पुलिस ने तहरीर रिसीव नहीं की है। वहीं, नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।