एसएसपी साहब! दारोगा पति के हैं दूसरी महिला से संबंध
बुलंदशहार। पुलिस लाइन में तैनात एक उपनिरीक्षक की पत्नी ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कर पति पर दूसरी महिला के साथ संबंध होने का आरोप लगाया है। साथ ही पीड़िता का कहना है कि आरोपी पति ने उसके मायके वालों को झूठे मुकदमे में भी फंसा दिया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने मामले की जांच बैठा दी है। दोषी पाए जाने पर संबंधित उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
हाथरस जनपद के सासनी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला शनिवार को पुलिस कार्यालय पहुंची। यहां उसने एसएसपी से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें पीड़िता ने बताया कि उसके पति उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। पूर्व में उनकी तैनाती गाजियाबाद जनपद में थी। इस दौरान उनकी गाजियाबाद निवासी एक महिला अधिवक्ता के साथ संबंध हो गए थे। पीड़िता को जब इस बाबत जानकारी हुई तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पति ने अपना स्थानांतरण बुलंदशहर करा लिया था। तब से वह पुलिस लाइन में ही तैनात है। आरोप है कि बीते दिनों आरोपी पति ने पीड़िता पर दबाव बनाने के लिए उसके मायके पक्ष के ऊपर विभिन्न फर्जी मामले भी दर्ज करा दिए थे। पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। जिस पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने मामले में जांच बैठा दी है। एसएसपी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित उपनिरीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।