औचक निरीक्षण के दौरान नदारद मिले शिक्षक, वेतन पर रोक
बुलंदशहर। शासन और जिला प्रशासन के सख्त आदेशों के बाद भी शिक्षक समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। जिसका खुलासा जिला विद्यालय निरीक्षक के निरीक्षण के दौरान हुआ। दो स्कूलों में चार शिक्षक अनुपस्थित मिलने पर वेतन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही स्कूल में छात्रों की संख्या कम होने पर नाराजगी जाहिर की।
बता दें कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा दो इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम सिकंदराबाद क्षेत्र स्थित अग्रसेन इंटर कॉलेज में सहायक शिक्षक रीना रानी और राजीव गुप्ता बिना अनुमति के अनुपस्थित मिले। साथ ही कॉलेज में छात्रों की संख्या कम मिली और परिसर में साफ-सफाई न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। वहीं, दूसरी ओर सदर तहसील के काजमपुर देवली स्थित राजकीय हाईस्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में दो सहायक शिक्षक रेनू और साधना भारती बिना कोई सूचना दिए अनुपस्थित मिलीं। साथ ही स्कूल में पंजीकृत छात्रों की संख्या से उपस्थित छात्रों की संख्या काफी कम मिली। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दोनों स्कूलों में चार शिक्षक बिना सूचना दिए अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन रोकने के लिए आदेश जारी कर दिया गया है। बताया कि कॉलेज में छात्रों की संख्या बढ़ाने, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार और स्वच्छता पर ध्यान देने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।