आज निकाल ले पैसा, कल से लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक
बुलंदशहर। यदि आपको बैंक संबंधी कार्य है तो आज ही निबटा ले। क्योंकि शनिवार से सोमवार तक लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे। इस दौरान एटीएम के भरोसे रहने पर लोगों को कैश की दिक्कत हो सकती है। कैश की दिक्कत न हो इसके लिए शुक्रवार को ही बैंक से कैश निकाल लें।
बता दें कि ईद-उल-अजहा पर इस बार अवकाश का ऐसा संयोग बना है कि तीन दिन तक लगातार बैंक बंद रहेंगे। 10 अगस्त को माह का द्वितीय शनिवार, 11 अगस्त को रविवार और सोमवार को बकरीद के चलते बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद बैंक मंगलवार को खुलेंगे। बैंक बंद रहने के दौरान लोगों को एटीएम पर निर्भर रहना पड़ सकता है। इस दौरान एटीएम भी धोखा दे सकते हैं। जिससे बचने के लिए शुक्रवार को ही बैंक संबंधी लेन-देन के कार्य निपटा लें। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विजय गांधी ने बताया कि शनिवार से सोमवार तक अवकाश के चलते बैंक बंद रहेंगे। बैंक बंद होने के दौरान लोगों को कैश की परेशानी न हो इसके लिए एटीएम में पर्याप्त मात्रा में कैश रखवाया जाएगा। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।