दहेज के लिए महिला को पीटकर घर से निकाला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ दहेज के लिए आरोपी ससुरालीजनों ने मारपीट की। शिकायत मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के धमैड़ा अड्डा क्षेत्र निवासी मोहम्मद नाजिम पुत्र मरदान खां ने तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बहन शाहना की शादी नगर के ही मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी युवक बबलू पुत्र अब्बास के साथ करीब 11 वर्ष पूृर्व की थी। शादी में हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आरोपी पीड़ित की बहन का लगातार उत्पीड़न कर रहे थे। आरोप है कि बीते दिनों आरोपियों ने पीड़ित की पुत्री के साथ जमकर मारपीट की और उसे मरणासन्न अवस्था में घर से निकाल दिया। पीड़िता तब से अपने मायके में ही रह रही है। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।