दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट
बुलंदशहर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की। मामले में नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मोहल्ला शांतिनगर भूड़ निवासी सुखपाल सिंह पुत्र पूरन सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री प्रीति की शादी गत वर्ष हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव खेड़ा में पवन पुत्र राकेश के साथ की थी। शादी में हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आरोपी उसकी पुत्री का लगातार उत्पीड़न कर रहे थे। आरोप है कि बीते दिनों आरोपियों ने बेटी के साथ जमकर मारपीट की और उसे मरणासन्न अवस्था में घर से निकाल दिया। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत छह अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।