कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद से गुजरने वाले सात मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगा दी गई है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। निगम और निजी वाहन चालकों के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एआरएम ने डिपो के चालकों को आदेश से अवगत करा दिया है।
श्रावण मास के दौरान जनपद के अलावा आसपास के क्षेत्रों के लाखों शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेने के लिए रवाना होते हैं। हरिद्वार पहुंचने के बाद कांवड़ में गंगा जल लेकर पैदल अपने गंतव्य तक आते हैं। शिवभक्तों की संख्या अधिक होने से मार्ग पर जाम और सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। इस बार जनपद के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो और सुरक्षा बरतने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
वहीं, यात्रा के दौरान मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि डिपो के समस्त चालकों को 30 जुलाई तक जनपद के विभिन्न मार्गों पर चलने के दौरान विशेष सावधानियां बरतने के साथ नियंत्रित गति में बस चलाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रा के दौरान शराब का सेवन न करने, मोबाइल पर बात करते हुए बस का संचालन न करने और धूम्रपान न करने के भी निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया जाएगा।
इन मार्गों से गुजरेंगे शिवभक्त
- हापुड़-गुलावठी-बुलंदशहर-खुर्जा-अलीगढ़ मार्ग।
- हापुड़-गुलावठी-सिकंदराबाद मार्ग।
- गढ़-स्याना-नरसेना-ऊंचागांव-अहार मार्ग।
- गढ़-स्याना-औरंगाबाद-बुलंदशहर मार्ग।
- अनूपशहर-अहार-जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग।
- अनूपशहर-छतारी-अलीगढ़ मार्ग।
- राजघाट-नरौरा-रामघाट-अतरौली-अलीगढ़ मार्ग।
22 से हर घंटे मिलेगी हरिद्वार के लिए बस
शिवरात्रि को लेकर उप्र परिवहन निगम ने हरिद्वार जाने वाले शिवभक्तों को बस उपलब्ध करवाने का खाका खींच लिया है। एआरएम ने 22 जुलाई से प्रतिदिन 30 बसों को हरिद्वार चलाने के लिए तैयारी कर ली है। वहीं, शिवभक्तों की संख्या अधिक होने पर 20 बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। एआरएम ने बताया कि शिवभक्तों को हरिद्वार पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी। फिलहाल चार बसों को प्रतिदिन हरिद्वार रवाना किया जा रहा है। 22 जुलाई से शिवभक्तों को हरिद्वार छोड़ने के लिए 30 बसें लगाई गई हैं जो प्रत्येक घंटे के अंतराल से रवाना की जाएंगी। यदि शिवभक्तों की संख्या अधिक हुई तो बसों की संख्या बढ़ाने के साथ रवाना होने का समय कम कर दिया जाएगा।
भक्तों ने शुरू की तैयारी
वहीं दूसरी ओर शिवरात्रि नजदीक आते ही शिवभक्तों ने हरिद्वार से कांवड़ लेने जाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिवभक्त नरेश सैनी, महेश शर्मा और वरुण शर्मा ने बताया कि सभी अपने जत्थे बनाने में जुट गए हैं। साथ ही मंदिरों की साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के साथ भंडारे लगाने वालों ने भी जगह का चुनाव करना शुरू कर दिया है।