संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला युवक का शव
अहार। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने बीटीसी की परीक्षा में फेल होने पर फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, अहार थाना क्षेत्र के गांव बढ़पुरा निवासी राजकुमार (27) पुत्र उमराव बुधवार देर शाम को घर से बिना किसी को कुछ बताए कहीं चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका था। बृहस्पतिवार सुबह चरौरा रजवाहे के निकट उसका शव एक पेड़ पर फंदे से ग्रामीणों ने लटका हुआ देखा। साथ ही इसकी सूचना तत्काल उसके परिजनों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर जांच पड़ताल की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, बताया जा रहा हैै कि बीते दिनों मृतक युवक बीटीसी की परीक्षा में फेल हो गया था। जिसके बाद से ही वह अवसाद में चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने अवसाद के कारण ही फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।