पावर कारपोरेशन में बड़े पैमाने पर हुए तबादलों पर उठ रहे सवाल
बुलंदशहर। पावर कारपोरेशन में बड़े पैमाने पर हुए तबादलों पर कुछ अधिकारी व कर्मचारी सवाल उठा रहे हैं। इसमें अपने चहेते लोगों को अफसरों के द्वारा राहत देने की चर्चा है। वहीं, जनपद से बाहर भेजे गए कर्मचारियों मे रोष बना हुआ है। उनमें से कई कर्मचारी हाईकोर्ट की शरण में पहुंच चुके हैं। इस ट्रांसफर नीति के विरोध में संगठन के लोग बृहस्पतिवार को एमडी का भी घेराव करेंगे। उधर, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने ऊर्जा मंत्री का घेराव करने की बात कही है।
पावर कारपोरेशन में दो दिन पूर्व एमडी के आदेश पर करीब 60 कर्मचारियों के गैर जनपद तबादले किए गए हैं। इसको लेकर अधिकारियों पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने अपने चहेते कर्मचारियों को बख्श दिया है और अन्यों के तबादले कर दिए हैं। इनमें से बहुत से कर्मचारी तुरंत हाईकोर्ट की शरण में अपना ट्रांसफर रुकवाने के लिए पहुंच गए। उधर, विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के प्रदेश मुख्य महामंत्री गोपाल गौतम ने बताया कि अफसरों ने 1970 कर्मचारी नियमावली का उलटफेर कर ट्रांसफर किया है। जबकि ट्रांसफर सिर्फ सर्किल में ही हो सकता है। वहीं, एमडी कार्यालय में भी 25-25 साल से कर्मचारी हैं, लेकिन उनका तबादला नहीं किया गया है।