युवक पर जानलेवा हमला, आरोपियों ने की फायरिंग
बुलंदशहर । नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक पर दबंगों ने रंजिशन हमला कर दिया। गंभीर हालत में देर रात ही युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि आरोपियों ने इस दौरान फायरिंग भी की, जिसमें युवक बाल-बाल बचा। वहीं, पुलिस फायरिंग की बात से इंकार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पड़ोकियान निवासी इरशाद पुत्र सगीर का बीते दिनों मोहल्ला निवासी दूसरे पक्ष से विवाद हो गया था। आरोप है कि तभी से आरोपीजन पीड़ित से रंजिश मानते हैं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब नौ बजे इरशाद अपनी स्कूटी से घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में नरसलघाट चौकी के निकट दूसरे पक्ष के तीन-चार युवकों ने उसे रोक लिया। साथ ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से भी हमला किया। इस दौरान अन्य लोगाें के आने पर आरोपी मौके से हत्या की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उस पर फायरिंग भी की थी। वहीं, फायरिंग की सूचना पर एसपी सिटी समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। एसपी सिटी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फायरिंग नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला रंजिशन मारपीट का नजर आ रहा है। जांच की जा रही है।