रातभर गुल रही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली
जहांगीराबाद । ब्रेकर में फॉल्ट होने से रात भर शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में रात भर बिजली गुल होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे 132 केवीए बिजलीघर के ब्रेकर में अचानक फॉल्ट हो गया। ब्रेकर में फॉल्ट होने से 132 केवीए बिजलीघर से पोषित 33 केवीए जहांगीराबाद, 33 केवीए चांदौक औऱ 33 केवीए नईमंडी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके कारण जहांगीराबाद समेत आसपास के करीब दो दर्जन से अधिक गाँव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप होने से हजारों उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। एक्सइएन नीरज कुमार ने बताया कि ब्रेकर में फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। सुबह फाल्ट सहीं कर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
विद्युुत डिवीजन के एक्सईएन का तबादला
जहांगीराबाद। जहांगीराबाद विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार का शुक्रवार को तबादला हो गया। एक्सईएन नीरज कुमार को मुरादाबाद मंडल में मुख्य अभियंता के कार्यालय से संबंद्व किया गया है। नीरज कुमार के स्थान पर बुलंदशहर के विद्युत परीक्षण खंड तृतीय में इसी पद पर कार्यरत सुनील कुमार को जहांगीराबाद डिवीजन का नया एक्सईएन बनाया गया है।