हार्ट अटैक से जिला कारागार में सजायाफ्ता कैदी की मौत
बुलंदशहर। बीते करीब पांच वर्ष से आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की शनिवार सुबह मौत हो गई। बताया गया कि कारागार परिसर में उसे हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में कुछ वर्ष पूर्व एक हत्या हुई थी। जिसमें थाना क्षेत्र के गांव मल्लपुर निवासी 47 वर्षीय जयचंद पुत्र मामचंद पर हत्या का आरोप न्यायालय में सिद्ध हुआ था। उसे न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। जिसके बाद वह दस जून 2015 से जिला कारागार में सजायाफ्ता था। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उसके सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उसे कारागार अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।