रविंद्र नाट्यशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : BULANDSHAHR
महोत्सव में युवा प्रतिभागियों ने डांस कर मचाया धमाल
बुलंदशहर। बुलंदशहर महोत्सव के मंच पर शनिवार रात्रि युवाओं ने डांस कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। दो वर्गों में आयोजित डांस प्रतियोगिता को देखने के लिए देर रात दर्शकों की भीड़ जमा रही। दर्शकों ने कलाकारों का तालियां बजाकर उत्साहवर्द्धन किया।
रविंद्र नाट्यशाला में शनिवार रात हिप-होप डांस एकडमी द्वारा डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई और एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिओम वाजपेई द्वारा विधिवत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं, समिति के उपाध्यक्ष मुकीम आजाद द्वारा कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर उत्साहवर्धन किया गया। समिति के वरिष्ठ सदस्य मुकुल शर्मा ने बताया कि डांस प्रतियोगिता का आयोजन किशोर कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान पांच वर्ष से लेकर करीब 20 वर्ष तक के कलाकारों द्वारा बॉलीवुड के गानों पर नृत्य प्रस्तुत किया। डांस प्रतियोगिता में 30 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जज की भूमिका आकांक्षा सिंह और रिंकुज द्वारा निभाई गई। कार्यक्रम संपन्न होने से पूर्व सभी कलाकारों को आयोजक द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदर्शनी सहायक नीरज कंसल, रामकुमार शर्मा और ओमप्रकाश शर्मा समेत समिति से जुड़े अन्य अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
अभी तक नहीं सजीं दुकानें
बुलंदशहर महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हो चुका है। दो दिन बीतने के बाद भी प्रदर्शनी मैदान में हुल्लड़ बाजार समेत प्रमुख बाजारों में दुकानें लग नहीं पाई हैं। वहीं, कुछ दुकानों की तैयारी चलती रही। प्रदर्शनी में बच्चों से लेकर बड़ों के मनपसंद झूले भी अभी तक नहीं लगे हैं। नगर मजिस्ट्रेट जगदंबा सिंह ने बताया कि महोत्सव का अन्य वर्षों की तरह आयोजन किया जाएगा।