हिस्ट्रीशीटर के बेटे और पत्नी पर जानलेवा हमला
अहमदगढ़। थाना क्षेत्र के गांव हजरतपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर आरोपी मुकेश के बेटे रॉबिन और उसकी मां पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। बताया गया कि रॉबिन ने फोनकर पुलिस को सूचना दी कि दूसरे पक्ष के दबंग आरोपियों ने उस पर और उसकी मां पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया है। हालांकि, रविवार शाम तक मामले में तहरीर नहीं दी जा सकी है।
गांव हजरतपुर निवासी मुकेश कुमार हिस्ट्रीशीटर-गैंगस्टर बदमाश है। उस पर गांव में ही दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की हत्या का मामला चल रहा है। मामले में शनिवार देर शाम एक नया मोड़ सामने आया है। मुकेश के बेटे रॉबिन ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि दूसरे पक्ष के आरोपियों ने रॉबिन और उसकी मां पर जानलेवा हमला कर दिया है। साथ ही हत्या के इरादे से फायरिंग भी की गई है। हमले में उसने पुलिस को खुद के घायल होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों मां-बेटे का मेडिकल कराकर मामले जांच पड़ताल शुरू की। वहीं, मामले में पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। रॉबिन ने जिस पक्ष पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है, उस पक्ष के एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में रॉबिन के पिता जेल में बंद हैं। सीओ शिकारपुर सत्येंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। मामले में कोई तहरीर भी नहीं मिली है। रॉबिन का भी आपराधिक इतिहास है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।