अब नगली गांव में भी बढ़ा बुखार का प्रकोप
बुलंदशहर/नरसेना। नरसेना क्षेत्र के गांव खंदोई की तरह गांव नित्यानंदपुर नगली में भी बुखार का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। गांव में फिलहाल 100 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। इनमें 20 से अधिक लोग जहां अन्य जनपदों के निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे है। तो शेष गांव में कोई सरकारी चिकित्सालय न होने पर झोलाछाप से इलाज करवाने को मजबूर है। वहीं ग्रामीण बुखार बढ़ने का कारण गांव में जगह-जगह हो रहे जलभराव और गंदगी को बता रहे हैं।
नरसेना थाना क्षेत्र के अधिकांश गांव में बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। क्षेत्र के गांव खंदोई में जहां 60 से अधिक लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं तो वहीं गांव नित्यानंदपुर नगली में 100 से अधिक लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। साथ ही दिन-प्रतिदिन गांव में पिछले कई दिनों से बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। गांव में कोई सरकारी चिकित्सालय न होने पर ग्रामीणों को दूर-दराज की दौड़ लगानी पड़ रही है। काफी संख्या में ऐसे भी लोग हैं जो मजबूरन झोलाछाप से इलाज करवा रहे हैं। बुखार का प्रकोप बढ़ने का कारण ग्रामीण गांव की अधिकांश गलियों में पसरी गंदगी और जलभराव को बता रहे हैं। कुछ लोगों की हालत गंभीर होने पर परिजन नोएडा, मेरठ, दिल्ली आदि के निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। जहां चिकित्सकों ने डेंगू बुखार होना बताया है। बुखार से पीड़ित लोगों में गगन, अमन, संजय, आकाश, राधा, ममता, धर्मवीर सिंह, हिमांशु, गौरव, शीतल, प्रियांशु, संजू धर्मेन्द्र, संदीप, तरूण, निधि, महाराज सिंह, सोनिया आदि शामिल हैं।
गांव में कोई सरकारी चिकित्सालय नहीं है और न ही अभी तक शिविर का आयोजन किया गया है। ऐसे में झोलाछाप से इलाज करवाना पड़ जाता है। - चंद्रपाल सिंह
गांव में फैली गंदगी के चलते गली-गली में लोग बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। जो दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। - अशोक राणा
मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी की जाएगी। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए गांव में जल्द ही टीम को भेजकर स्वास्थ्य शिविर लगवा दिया जाएगा। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ