गुमशुदा रोडवेज बस चालक का 15 दिन बाद मिला शव
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में गंगेरुआ फ्लाइओवर के नजदीक वर्षों से बंद पड़ी खंडहर हो चुकी फैक्टरी के निकट सोमवार को एक व्यक्ति का शव सड़ी गली अवस्था में मिला। बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने खंडहर में सर्च अभियान चलाया तो पेड़ के नीचे लगभग 55 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव क्षत-विक्षत था और शिनाख्त भी नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी दर्ज कराने वाले लोगों से सपंर्क साधा और शव की पहचान कराने के लिए बुलाया। साठा मोहल्ला निवासी दो सगे भाई शाम को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने शव की शिनाख्त अपने 56 वर्षीय पिता राजेंद्र सिंह निवासी साठा के रूप में की। परिजनों ने बताया कि राजेंद्र सिंह हापुड़ रोडवेज बस स्टैंड पर चालक की नौकरी करते थे। पांच फरवरी से वह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। 11 फरवरी को राजेंद्र की पत्नी ने पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है। सीओ सिटी ने बताया कि विभिन्न पहलूओं पर जांच की जा रही है।