मेधावियों ने मारी बाजी, डॉक्टर बन करेंगे सेवा
बुलंदशहर। नेेशनल टेस्ट एजेंसी ने 16 अक्तूबर को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानि नीट के परिणाम जारी कर दिए हैं। जिले के मेधावियों ने अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। सिकंदराबाद की श्रुति सिंह ने ऑलइंडिया 2012वीं रैंक, खुर्जा की अमीशा सिंह ने 1381वीं रैंक, बुलंदशहर नगर के जुनैद सैफी ने 3707वीं रैंक, जहांगीराबाद के दीपक शर्मा ने 4646वीं रैंक और सिकंदराबाद के राकेश ने ऑलइंडिया 53331 रैंक हासिल की है।
मोची के बेटे ने पाई सफलता
नगर मोहल्ला खत्रीवाड़ा निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह मोची का काम कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बताया कि जब वह कभी अस्पताल जाते थे तो वहां गरीबों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं देखकर अपने बेटे को डॉक्टर बनाने की इच्छा जागृत हुई। बेटे पवन कुमार को बचपन से ही डॉक्टर बनने के लिए प्रेरित किया। गरीबी होने के बावजूद भी उसने दिनरात मेहनत कर अपने बेटे को पढ़ाया। बताया कि नीट प्रवेश परीक्षा में उसके बेटे ने बिना कोचिंग और अन्य सुविधाओं के बगैर 544 अंक प्राप्त किए है। उसे ऑलइंडिया 53331 रैंक और 1564 कैटेगिरी रैंक मिली है। पवन ने बताया कि उसने हाईस्कूल की परीक्षा 81.5 प्रतिशत, इंटर 83.5 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी। बताया कि उसकी मां शशिबाला गृहणी है। छोटा भाई गुलशन कुमार बीएसई द्वितीय वर्ष, विकास कुमार इंटर, मनीष हाईस्कूल का छात्र है।
श्रुति ने पाई 2012वीं रैंक
अग्रसेन पीजी कॉलेज में फिजिक्स के प्रवक्ता डॉ.पवन कुमार की पुत्री श्रुति सिंह ने नीट प्रवेश परीक्षा में 661 अंक प्राप्त किए है। श्रुति को ऑलइंडिया 2012 रैंक व कैटेगिरी रैंक 1212 मिली है। श्रुति की माता हेमंत कुमार जूनियर हाईस्कूल में शिक्षिका है। छोटा भाई कक्षा सात का छात्र है। बताया कि श्रुति ने हाईस्कूल में 10 सीजीपीए प्राप्त किया था। वही 2019 में इंटर में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद के टॉपटेन मेधावियों की सूची में स्थान बनाया था। बेटी सफलता पर परिवार में जश्न का माहौल है। श्रुति ने बताया कि उसका उद्देश्य डाक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना है। कहा कि सपने बड़े होने के साथ उसकी लगन से तैयारी
डॉक्टर बनना है सपना
क्षेत्र के मदार दरवाजा निवासी अमीशा सिंह ने नीट परीक्षा में 1381वां रैंक प्राप्त किया है। उतीर्ण होने पर उनके शिक्षकों ने बधाई दी। साथ ही उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अमीशा ने वर्ष 2018 में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एनआर स्कूल से हाईस्कूल की। जिसके बाद उन्होंने वर्ष 2020 में भी इंटामीडिएट में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अब वह भविष्य में डॉक्टर बनना चाहती हैं। इसके लिए वह तैयारियों में जुटी हुई हैं। नीट में उत्तीण होने पर उनके स्कूल के शिक्षकों ने उन्हें भविष्य में उज्ज्वल होने की कामना करते हुए बधाई दी है।
जुनैद ने भी मारी बाजी
नगर के मोहल्ला सुशीला विहार निवासी जुनैद सैफी ने नीट की परीक्षा में ऑल इंडिया 3707वीं और प्रदेश स्तर पर 1258वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। जुनैद सैफी ने बताया कि उसके पिता इरफान सैफी मोबाइल मैकेनिक हैं। उसने बताया कि इस परीक्षा में मैंने तीसरे प्रयास में सफलता पाई है। वह अब एमबीबीएस में प्रवेश लेकर पढ़ाई करेगा। उसका सपना न्यूरोलॉजिस्ट बनकर समाज सेवा करना है। जुनैद ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया है।