गर्मी से बेहाल, पेड़ के नीचे पढ़ रहे नौनिहाल
बुलंदशहर/ चोला। जनपद के परिषदीय स्कूलों में अव्यवस्थाओं की पोल एक के बाद एक खुलती जा रही है। स्कूलों में न तो बच्चे पूरे पहुंच रहे हैं और न ही व्यवस्थाओं में सुधार हो रहा है। स्कूल के गेट पर पशु बंध रहे हैं। गर्मी से बेहाल बच्चे पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं भवन जर्जर हैं और कमरों के अभाव का भी दंश बच्चों को झेलना पड़ रहा है। इन सब अव्यवस्थाओं का खुलासा मंगलवार को अमर उजाला की टीम द्वारा चोला क्षेत्र के तीन परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण करने पर हुआ।
-------------
गांव ख्वासपुर प्राइमरी स्कूल
प्राइमरी स्कूल के गेट पर पशु बंधे पाए गए। बताया गया कि इन पशुओं से कई बार बच्चे घायल हो चुके हैं। स्कूल में पंजीकृत 74 के सापेक्ष 64 बच्चे मिले। बच्चे दो कमरों में पढ़ने को मजबूर हैं। मुख्य अध्यापिका सिकंदराबाद में आयोजित मीटिंग में गई हुईं बताई गईं। तीन शिक्षामित्र उपस्थित मिले। बिजली का मीटर लगा था लेकिन न तो बिजली थी और न ही पंखे दिखे। ऐसे में गर्मी से बचने के लिए बच्चे पेड़ के नीचे पढ़ रहे थे। अव्यवस्थाओं के चलते गर्मी में बच्चों का बुरा हाल है।
-----------
गांव कनकपुर का प्राइमरी स्कूल
यहां पंजीकृत 150 के सापेक्ष 108 बच्चे मिले। हेडमास्टर सिकंदराबाद बैठक में बताई गईं और एक शिक्षक भी अवकाश पर बताया गया। दो शिक्षक ही इन बच्चों को पढ़ाते मिले। इस स्कूल का भवन पुराना है और बच्चों के लिए कोई खास व्यवस्थाएं नहीं मिली। अव्यवस्थाओं के बीच गर्मी में बच्चे बीमार हो रहे हैं और उनका बुरा हाल है।
-------------
गांव गांगरौल का प्राइमरी स्कूल
यहां पर पंजीकृत 40 बच्चों के सापेक्ष 30 बच्चे ही पढ़ रहे थे। दो सहायक अध्यापक उपस्थित थे और मुख्य अध्यापिका सिकंदराबाद बैठक में बताई गईं। यहां भी बच्चाें के लिए कोई खास व्यवस्था नहीं दिखाई दी। शिक्षकों ने बताया कि स्कूल का भवन जर्जर होने के कारण कंडम घोषित किया जा चुका है। इसके चलते साथ वाले दूसरे उच्च प्राथमिक विद्यालय के दो कमरों में बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। बताया गया कि मंगलवार को ही जर्जर भवन की छत का एक टुकड़ा गिर गया था। कुल मिलाकर यहां पर अव्यवस्थाओं की भरमार है और बच्चे गर्मी से बेहाल हो रहे हैं।
------
दो स्कूलों में छह बच्चों की बिगड़ी तबीयत
अमर उजाला के लाइव में देखने को मिला कि अव्यवस्थाओं के बीच बच्चे गर्मी में बीमार हो रहे हैं। दो स्कूलों के छह बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अध्यापकों को बुलाकर घर भेजा गया। भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को गांव कनकपुर के प्राइमरी स्कूल में चार बच्चों की तबीयत खराब हो गई, जबकि गांव गांगरौल के स्कूल में भी दो बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी अध्यापकों ने दी। शिक्षकों ने बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें घर भेज दिया।
----
इन सभी स्कूलों का निरीक्षण करवाया जाएगा। यहां जो भी समस्याएं हैं, उन्हें दूर करवाने का काम किया जाएगा। गर्मी के कारण बीमार हो रहे बच्चों का ध्यान रखने के लिए अध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
- अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बुलंदशहर