रजिस्ट्रेशन नहीं दिखाने पर एसीएमओ ने सील की पैथॉलॉजी लैब
ककोड़। जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन नहीं दिखाने पर एसीएमओ ने क्षेत्र के चांगोली मोड़ स्थित पैथॉलॉजी लैब को सील कर दिया।
एसीएमओ डॉ. बलराज सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव रमानी बुर्ज निवासी सुरेश ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि चांगोली मोड़ स्थित अपंजीकृत चिकित्सक के गलत उपचार के कारण उसके 13 वर्षीय बेटे प्रिंस की मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज होने पर आरोपी चिकित्सक के क्लीनिक को सील कर दिया गया था। बताया कि उन्हें शिकायत मिल रही थी कि सील होने के बावजूद आरोपी चिकित्सक ने क्लीनिक को फिर से खोल लिया है। वही चांगोली मोड़ पर बिना रजिस्ट्रेशन के पैथॉलॉजी लैब का संचालन होने की भी शिकायत मिली थी। बताया कि शिकायत पर वह रविवार को जांच करने के लिए गए थे। जांच के दौरान आरोपी चिकित्सक का क्लीनिक बंद पाया गया। वही लैब संचालक से रजिस्ट्रेशन मांग ने वह रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा सका। रजिस्ट्रेशन नहीं दिखाने पर लैब को भी सील कर दिया गया।
------------------
ग्राम प्रधान पर लगाया मारपीट का आरोप, तहरीर दी
ककोड़। थाना क्षेत्र के गांव अलौंदा जागीर निवासी युवती ने ग्राम प्रधान पर घर में घुसकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी प्रधान के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि रविवार को गांव निवासी ग्राम प्रधान उनके घर पहुंचा और उसके पिता के साथ गालीगलौच करने लगा। बताया कि विरोध करने पर ग्राम प्रधान ने घर में घुसकर उसके व उसके पिता के साथ मारपीट की। मारपीट में वह घायल हो गए। निरीक्षक योगेंद्र मलिक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद