महिला से लूटे जेवर और नकदी
खानपुर। थाना क्षेत्र की जाड़ौल चौकी के पास जीवनपुरा मोड़ पर तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार दंपती से लूट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव कामौथा निवासी प्रवीण पत्नी कमलेश के साथ रविवार को बुलंदशहर रिश्तेदारी में गए थे। जहां से देर शाम वह बाइक से गांव लौट रहे थे। बताया गया कि जब वह खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जीवनपुरा के मोड़ पर पहुंचे तो तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया और हथियारों के बल पर उन्हें आतंकित किया। इसके बाद बदमाशों ने उनसे 15 हजार की नकदी व महिला से सोने के कुंडल और गले की चेन लूट ली। इसके बाद बदमाश उन्हें हत्या की धमकी देकर भाग निकले। थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।