सिकंदराबाद मृतक छात्र प्रियांशु का फाइल फोटो।
सिकंदराबाद। नगर के सिरोधन रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बीटेक के छात्र की मौत हो गई। वहीं मृतक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गोरखपुर निवासी प्रियांशु द्विवेदी (19 वर्ष) पुत्र जितेंद्र द्विवेदी बीटेक के छात्र थे। उनके पिता सिकंदराबाद में किसी निजी कंपनी में कार्य करते थे। छ माह पूर्व उनके पिता का ट्रांसफर कोलकाता हो गया था। मृतक अपने परिवार के साथ सिकंदराबाद की एसडीएम काॅलोनी में ही रहते थे।
बृहस्पतिवार की देर रात प्रियांशु अपने साथी इमरान के साथ सिरोधन रोड पर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रियांशु की मौत हो गई। शुक्रवार की शाम गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। घायल इमरान का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।