बीएसए का नया आरोप, भाजपा जिलाध्यक्ष ने अब जान से मारने की दी धमकी
बुलंदशहर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बीके शर्मा ने अब भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बीएसए का कहना है कि बृहस्पतिवार को कार्यालय पहुंचकर सिसौदिया ने यह धमकी दी है। इससे उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने सुरक्षा कारणों से बेटी को मेरठ भेज दिया है।
बीएसए ने बुधवार को अनिल सिसौदिया पर समर्थकों संग घर में घुसकर अभद्रता करने और परिवार के सामने गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। बीएसए का कहना है कि भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने प्रज्ञा शर्मा के निजी स्कूल में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत एक बच्चे का दाखिला कराने के लिए कहा था। इस पर उन्होंने तत्काल स्कूल को पत्र लिख दिया था। इस पर स्कूल प्रबंधन ने सूची में शामिल कुछ बच्चों को प्रमाण पत्रों के फर्जी होने की आशंका व्यक्त की थी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच की गई तो सभी सही पाए गए थे। फिर उन्होंने दोबारा स्कूल को पत्र लिखा। इसके बाद भी बच्चे का प्रवेश न होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष जबरन दाखिला कराने का दबाव बना रहे हैं। अभद्रता करने के साथ उन्हें धमकी भी दे रहे हैं।
बीएसए को दिया गनर
बीएसए ने नगर कोतवाली में शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। शिकायत में उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष पर कार्यालय पहुंचकर उनकी अनुपस्थिति में में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर बीएसए को एक गनर उपलब्ध करा दिया गया।
बीएसए के आवास पर गए थे जिलाध्यक्ष
बीएसए के घर में घुसकर अभद्रता करने के आरोप पर बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने कहा था कि वह आवास पर नहीं बल्कि बीएसए कार्यालय गए थे। अब एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में अनिल सिसौदिया कुछ लोगों के साथ बीएसए आवास में जाते नजर आ रहे हैं। थोड़ी देर बाद वह बाहर भी आते हुए दिख रहे हैं।
टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग
एससी-एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष केहर सिंह व प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीपी गौतम ने डीएम को शिकायत भेजते हुए कहा कि बीएसए के साथ जिलाध्यक्ष का यह व्यवहार काफी परेशान करने वाला है। यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की जाती है तो टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन धरना प्रदर्शन करेगा।
बच्चे के दाखिले को लेकर बीएसए कार्यालय गया था। वहां पर किसी के साथ न तो अभद्रता की और न ही किसी को धमकी दी है। सभी आरोप निराधार हैं। - अनिल सिसौदिया, जिलाध्यक्ष भाजपा
प्रकरण में शिकायत मिली है। एसपी सिटी को जांच दी गई है। नगर पुलिस भी तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी। - श्लोक कुमार, एसएसपी