खुर्जा देहात पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी उमर। स्रोत- पुलिस
खुर्जा। बहन को प्रेमी इमरान के साथ जाते देख आरोपी भाई उमर भड़क गया था। गुस्से में आकर उसने इमरान के पेट व सीने में चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वहां से भाग गया था। रविवार रात को देहात थाना पुलिस ने किर्रा गांव के मोड़ पर उमर को गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस की पूछताछ में इमरान की हत्या की बात स्वीकार की।
खुर्जा सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर को इस्लामाबाद गांव निवासी पिकअप चालक इमरान (25) की गांव में बीच चौराहे पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इसमें इमरान के पिता रहीश ने पुलिस को तहरीर दी थी। बताया था कि उनके बेटे इमरान और पड़ोस में रहने वाली युवती के बीच प्रेम संबंध थे।
20 अक्तूबर को युवती घर छोड़कर चली गई थी। इसी बात के शक में युवती के चाचा अंसार, चचेरे भाई उमर और जुबेर समेत व दो अज्ञात ने मिलकर चाकुओं से हमला कर इमरान की हत्या कर दी।
इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रविवार रात को देहात थाना पुलिस ने किर्रा गांव मोड़ पर उमर को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी चचेरी बहन और इमरान का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते से वह और उसके परिजन खुश नहीं थे। 21 अक्तूबर की सुबह से ही उसकी बहन घर से बिना बताए कहीं चली गई थी, जिसकी वह अपने भाई व साथियों के साथ मिलकर तलाश कर रहा था। अपनी बहन की तलाश के दौरान उसने गांव में ही इमरान व बहन को साथ जाते हुए देख लिया।
दोनों को एक साथ देखकर उसको गुस्सा आया। उसने अपने साथियों के साथ इमरान पर चाकुओं से वार कर हत्या कर दी। सीओ खुर्जा का कहना है कि मामले में वांछित जुबेर, अंसार व अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।