जहांगीराबाद। अनूपशहर के गांव रौरा से जहांगीराबाद के गांव खिदराबाद स्थित चामुंडा मंदिर में पूजा करने आई युवती व उसका भतीजा और भतीजी लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका सुराग न लगने पर परिजनों ने जहांगीराबाद कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई है। अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोरा निवासी 23 वर्षीय ज्योति सोमवार को जहांगीराबाद के गांव खिदराबाद स्थित चामुंडा माता मंदिर पर पूजा अर्चना कर जल चढ़ाने के लिए गई थी। ज्योति के साथ परिवार की भतीजी झलक (17) और भतीजा यश (12) भी गए थे। तीनों संदिग्ध हालात में लापता हो गए। शाम तक भी घर ना लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। ज्योति के पिता राजेश ने पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। तीनों की तलाश की जा रही है।