क्षेत्र के गांव में शुक्रवार को दो बहनों की बारात एक ही गांव से आनी थी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर घुड़चढ़ी से पहले एक दूल्हा नाराज होकर घर से गायब हो गया। जबकि दूसरा परिवार मारपीट के भय से बारात लेकर नहीं पहुंचा।
शनिवार सुबह लड़की पक्ष के लोग गांव पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। काफी हंगामे और विवाद के बाद पंचायत में एक अन्य लड़के से शादी तय कर शनिवार को दोनों बेटियों की शादी संपन्न कराई गई। वहीं, लड़की पक्ष ने दहेज की मांग करने वाले दूल्हे पक्ष के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
छतारी क्षेत्र के सहार निवासी श्यामवीर सिंह की दो भतिजियों की शादी थाना अहमदगढ़ के गांव में दो परिवार के लड़कों से तय हुई थी। शुक्रवार को दोनों भतीजियों की बारात आनी थी। देर रात बारात नहीं पहुंची तो फोन पर संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शनिवार सुबह लड़की पक्ष के लोग पहुंच गए।
पता चला कि दहेज की मांग न पूरी होने पर दूल्हा घर से भाग गया था। वहीं दूसरा परिवार मारपीट के भय से बारात लेकर नहीं पहुंचा। बाद में समाज के लोगों के साथ पंचायत कर गांव के ही दूसरे लड़के से शादी तय की गई। शनिवार को दोनों बारात सहार पहुंची और दोनों बहनों की शादी संपन्न कराई गई।