चोला पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप, वीडियो वायरल
चोला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में व्यक्ति ने चोला पुलिस पर रिश्वत लिए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में व्यक्ति अपना नाम दलीप सिंह पुत्र एदल निवासी चोला बता रहा है। बताया कि वह ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहा था। 27 अप्रैल को मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति स्थापित करने के लिए यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान चोला पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रा की वीडियोग्राफी की, जिसके बाद पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। दो मई को प्रधानी की काउंटिंग के बाद चोला पुलिस उनके घर पर पहुंची। उस समय घर पर मौजूद नहीं होने के कारण शाम के समय वह जानकारी करने के लिए चोला चौकी पहुंचे। चौकी पहुुंचने पर चोला पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जहां पुलिस ने मामले को रफा दफा करने के लिए 15000 रुपये की मांग की। नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी। जेल जाने के डर से उसने पुलिस को 12000 रुपये दे दिए, जिसके बाद चार पुलिसकर्मी कई बार उसके घर गए और रुपये की मांग किए। मना करने पर बार-बार उसके घर पर दबिश देकर टार्चर किया जाने लगा। कहा कि यदि पुलिस का उत्पीड़न इसी तरह जारी रहा तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो सकता है। उसने बताया कि शिकायत करने के लिए एसएसपी के यहां भी गया था, लेकिन उसे नहीं मिलने दिया गया। इस पर उसने क्षेत्रीय विधायक से घटना को लेकर शिकायत की। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।