बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में दो युवकों को ठगों ने पीतल के हार को सोने का बताकर बेच दिया। ठगी होने का अहसास हुआ तो ठगों की तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पीड़ित युवकों ने एसएसपी को दो मोबाइल नंबर देकर आरोपियों की शिनाख्त कर कार्रवाई की मांग की है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला नूरबफान निवासी दानिश ने बताया कि दो दिन पूर्व वह किसी काम से बुलंदशहर गया था। काली नदी के पुल से कालाआम चौराहे की ओर पैदल आ रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उसे मिले और बताया कि उनके पास दो मोती हैं, जिनकी कीमत बाजार में 20 हजारों रुपये हैं। उनके बच्चे बीमार हैं, उन्हें पैसों की आवश्यकता है और तीन-तीन हजार रुपये में उसे दो मोती दे दिए। अगले दिन दोनों व्यक्तियों का फिर से फोन आया कि उनके पास सोने की माला है और तीन लाख रुपये का इंतजाम कर लो। जहांगीराबाद दोराहे पर दोनों व्यक्ति उसे मिले और थैले में रखी एक माला उन्हें दे दिया। पीड़ित ने डेढ़ लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। घर आकर देखा तो माला साेने की बजाए पीतल की निकली। पीड़ित ने दो मोबाइल नंबर पर ठगों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बंद मिले। पीड़ित दानिश ने ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है।