डिबाई। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर थाना क्षेत्र के गांव कादरीबाग पर शुक्रवार देर रात पिकअप और डीसीएम ट्रक की आमने-सामने की भिडंत में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
पुलिस ने बताया कि पिकअप थाना क्षेत्र के गांव कादरीबाग से नरौरा की ओर जा रही थी। वहीं, डीसीएम ट्रक नरौरा से डिबाई की ओर आ रहा था। शुक्रवार रात को कादरीबाग पर ओवरटेक के दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला भाग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों के चालक गंभीर रूप से घायल होने के साथ ही अंदर फंस गए।
पुलिस ने किसी तरह दोनों के चालकों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने डीसीएम के चालक शोभित (26) गांव लालपुर जनपद कन्नौज को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर घायल देव कुमार (38) निवासी गांव नवीपुर खेड़िया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक देव कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही उनके परिजनों को भी हादसे की सूचना दी गई है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर ही है।