बुलंदशहर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के चलते शुक्रवार देर शाम जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदान केंद्रों के संभावित विभाजन को लेकर बैठक की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि आगामी चुनावों के लिए बूथों का समायोजन अब 1200 मतदाताओं के मानक पर किया जाएगा। इस आधार पर, जनपद में 155 नए मतदान केंद्र बनाए जाने की आवश्यकता है। नए संभावित बूथों की सूची का आलेख्य प्रकाशन 10 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद आपत्ति और सुझाव सभी दलों से प्राप्त की जाएंगी।
प्राप्त शिकायतों और सुझावों के निस्तारण के लिए 18 नवंबर को वर्तमान संसद सदस्यों, विधानसभा सदस्यों और सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक होगी, जिसके बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि आगामी एक जनवरी के आधार पर सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 64-सिकन्द्राबाद, 65-बुलन्दशहर, 66-स्याना, 67-अनूपशहर, 68-डिबाई, 69-शिकारपुर एवं 70-खुर्जा (अ०जा०)) की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू हो गया है।
जिसके चलते गणना अवधि आगामी चार नवंबर से चार दिसंबर तक, दावे और आपत्तियां नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक, दावों और आपत्तियों का निस्तारण नौ दिसंबर से 31 जनवरी तक किया जाएगा। इसके बाद सात फरवरी को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। डीएम ने सभी दलों से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपील की है। जिससे कि एक निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया हो सके।