ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां में रविवार सुबह बरवाला मार्ग स्थित एक नाले में करीब 38 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना नरसेना पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार शाम अज्ञात व्यक्ति को नशे की हालत में गांव के आसपास घूमते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की अवस्था में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास के थानों के साथ-साथ जनपद और पड़ोसी जनपदों के थानों को भी सूचना भेजी गई है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद