बुलंदशहर। खानपुर थाना क्षेत्र के कनौना निवासी सिलाई मिस्त्री मनीष लोधी (24) का शव रविवार, 2 अगस्त को मिला। यह शव जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग पर सहकारी नगर गांव के पास एक खेत में पड़ा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली देहात में तहरीर दी है।
मनीष 27 जुलाई की सुबह करीब सात बजे मोटरसाइकिल से काम के लिए घर से निकला था। रात में परिजनों ने उसे फोन किया, पर वह नहीं लगा। 28 जुलाई को परिजनों ने छिजारसी पुलिस चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार को उन्हें सूचना मिली कि मनीष का शव पोस्टमार्टम हाउस पर रखा है।
उन्होंने वहां पहुंचकर शव की शिनाख्त मनीष के रूप में की। पुलिस ने बताया कि शव के पास शराब की खाली बोतल, गिलास और सल्फास का पैकेट भी मिला।
परिजनों का कहना है कि मनीष शराब नहीं पीता था। इसलिए उन्होंने उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। इस कारण विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।