4.48 करोड़ के विकास कार्यों पर बोर्ड बैठक में लगेगी मुहर
बुलंदशहर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक का आयोजन करते हुए शहर के विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। 14 अक्तूबर को आयोजित होने वाली बैठक में शहर में विभिन्न स्थानों पर यूरिनल पॉट लगाने समेत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी जाएगी।
नगर पालिका के इस बोर्ड का कार्यकाल अगले दो माह में समाप्त हो जाएगा। माना जा रहा है कि 15 अक्तूबर को इस बोर्ड की अंतिम बैठक होगी। दोपहर दो बजे से आयोजित होने वाली बैठक में शहर के विकास कार्यों पर विचार-विमर्श करते हुए स्वीकृति दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त करीब 3.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति देने के साथ ही शहर में विभिन्न स्थानों पर यूरिनल पॉट लगाने, सड़क निर्माण करने, पेयजल लाइन बिछाने, डंपिंग ग्राउंड के लिए केबिल की खरीद समेत अन्य कार्यों पर मुहर लगेगी। इसके अलावा वाहनों के लिए चालक, इलेक्ट्रीशियन, चौकीदार, बेलदार, सफाई कर्मचारी रखने के लिए भी चर्चा की जाएगी।
इन विकास कार्यों पर होगी चर्चा
- शहर में दस स्थानों पर स्टील के यूरिनल पॉट लगाना
- विभिन्न स्थानों पर जीआई पाइप बिछाना
- नलकूपों के संचालन के लिए चौकीदार, इलेक्ट्रीशियन रखना
- अंबा कॉलोनी स्थित पार्क का नाम विहिप के पूर्व अंतरराष्ट्रीय महामंत्री के नाम पर रखा जाना
- पार्कों की सफाई, घास कटिंग के लिए माली और बेलदार रखना
15 अक्तूबर को बोर्ड बैठक का आयोजन प्रस्तावित है। बैठक में विभिन्न एजेंडों पर विचार करने के साथ ही शहर के विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। - मनोज गर्ग, अध्यक्ष, नगर पालिका