जिला पंचायत बोर्ड बैठक : 67 करोड़ का मूल बजट पास
बुलंदशहर। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक शनिवार को जिला पंचायत सभागार में हुई। बैठक में 125 करोड़ की कार्ययोजना के सापेक्ष 40 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर मुहर लगी। साथ ही आगामी वर्ष 2021-22 के लिए 67 करोड़ रुपये का मूल बजट पास हुआ। वहीं, जिला पंचायत की जमीन पर रेस्ट हाउस बनाने की योजना भी पास हो गई। मॉल के लिए बीडीए और फायर से एनओसी मिलने के बाद अब आवंटियों को जल्द ही कब्जा मिल जाएगा और मॉल भी जल्दी ही शुरू हो जाएगा।
शनिवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवरी सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। संचालन अपर मुख्य अधिकारी विद्याशंकर पांडेय ने किया। गत बैठक की पुष्टि के साथ बैठक की कार्रवाई शुरू हुई। बैठक में कोरोना काल में किए गए जिला पंचायत के कार्यों की सभी जिला पंचायत सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कार्यों की सराहना की गई। माना जा रहा है कि इस बोर्ड की संभवत: यह अंतिम बैठक हो। इसलिए सभी जिला पंचायत सदस्यों का सम्मान बैठक में किया गया। वर्ष 2021 की 125 करोड़ की कार्ययोजना के सापेक्ष 40 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को हरी झंडी मिली है। इसमें जिला पंचायत सदस्यों, विधायकों और आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों को शामिल किया गया है। इसके अलावा आगामी वर्ष 2021-22 के लिए 67 करोड़ का मूल बजट पास किया गया। इसमें 25 करोड़ रुपये केन्द्रीय वित्त, 26 करोड़ राज्य वित्त तथा 15 करोड़ रुपये जिला निधि से मिलेंगे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, खुर्जा विधायक बिजेंद्र सिंह, डिबाई विधायक डॉ. अनीता राजपूत के अलावा जिला पंचायत सदस्य सुनील चरौरा, पंकज प्रधान, अलका शर्मा, रेनू चौधरी, रश्मि चौधरी, पिंटू प्रमुख सहित अधिकांश सदस्य मौजूद रहे।
अब मॉल में मिलेगा आवंटियों को कब्जा
कालाआम चौराहे पर बने जिला पंचायत का मॉल अब जल्द शुरू होने जा रहा है। इसके लिए बुलंदशहर विकास प्राधिकरण और फायर बिग्रेड से एनओसी प्राप्त हो गई है। बीडीए से कम्पलीशन सर्टिफिकेट प्राप्त होने के बाद आवंटियों को कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि जल्द ही कालाआम चौराहे पर बना मॉल शुरू हो जाएगा। वहीं, हाइवे और शहर में रेस्ट हाउस बनाने के प्रस्ताव पर भी सदस्यों की सहमति बन गई है, जिसको पास कर दिया गया है। जल्द ही इसपर कार्य शुरू हो जाएगा।
कार्य में गति लाने की मांग
चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में 36 करोड़ के टेंडर लगे थे, जिनमें से मात्र 12 करोड़ रुपये का ही कार्य पूरा हो पाया है। जिला पंचायत सदस्यों ने कार्यों में तेजी लाने की मांग की है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों जिले में हॉट मिक्स प्लांट से बनने वाले 42 मार्गों का शिलान्यास किया था। सीएम द्वारा किए गए शिलान्यास वाले कामों को जल्द शुरू कराया जाएगा।
जिला पंचायत सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। शांतिपूर्ण ढंग से बैठक संपन्न हुई। बैठक में कोविड के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी विधायकों, जिला पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया गया।
- विद्या शंकर पांडेय, अपर मुख्य अधिकारी