जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में सरकारी राशन की कालाबाजारी कर एक मकान में रखा गया 10 क्विंटल चावल पकड़ा गया है। आपूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अनूपशहर एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि गांव शेखूपुर रोरा में राशन की कालाबाजारी की सूचना मिली थी। इसके बाद आपूर्ति निरीक्षक को मौके पर भेजा गया। जहां एक मकान से करीब 10 क्विंटल चावल बरामद हुआ। जांच में पकड़ा गया चावल सरकारी पाया गया। यह चावल कालाबाजारी के लिए रखा गया था। इसे मंडी सचिव के सुपुर्द कर दिया है। अनूपशहर आपूर्ति निरीक्षक अविनाश कुमार की तहरीर पर जहांगीराबाद कोतवाली में गांव शेखुपुर रोरा निवासी राहुल और मुकेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि राशन की कालाबाजारी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए जल्द ही कठोर कदम उठाए जाएंगे।