किसानों से वसूली के विरोध में भाकियू ने कराया टोल फ्री
गुलावठी। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को किसानों के वाहनों को टोल फ्र ी कराने की मांग को लेकर गुलावठी-हापुड़ मार्ग स्थित कुराना टोल प्लाजा पर धरना दिया। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने करीब 45 मिनट तक टोल प्लाजा पर धरना देकर टोल फ्री कराया। हंगामे व धरने की सूचना पर हापुड़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और टोल प्लाजा के मैनेजर के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया।
शुक्रवार को भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह गुड्डू के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता स्थानीय शहीद तिराहे पर एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ता वाहनों से गुलावठी-हापुड़ मार्ग पर ग्राम कुराना स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचे। कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए तथा टोल प्लाजा को फ्री करा दिया। भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह गुड्डू ने कहा कि टोल प्लाजा पर गुलावठी क्षेत्र के किसानों एवं भाकियू कार्यकर्ताओं से टोल वसूला जाता है तथा टोल न देने पर किसानों व कार्यकर्ताओं से अभद्रता की जाती है। नरेंद्र सिंह गुड्डू के अनुसार, गुलावठी क्षेत्र के किसानों एवं भाकियू कार्यकर्ताओं के वाहनों को टोल मुक्त किया जाएं। क्योंकि किसानों का दिन में कई बार हापुड़ आना-जाना लगा रहता है। किसान नेता सोनू तेवतिया ने कहा कि टोल कर्मी अपने व्यवहार में बदलाव लाए। अभद्रता बर्दाश्त नहीं किया जाएगी। उन्होंने कहा कि टोल कर्मी सभी के साथ नम्रता से बात की जाए। पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह गुड्डू, सलीम भमरा, किसान नेता सोनू तेवतिया, नरेंद्र सिंह, हरेंद्र यादव, दिनेश, अजब सिंह जुगेंद्र सिंह, ब्रजेश, इन्दर सिंह आदि भाकियू कार्यकर्ता करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा पर धरने पर बैठे रहे। उधर, टोल प्लाजा के मैनेजर जितेंद्र बहादुर सिंह ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वह उच्चाधिकारियों से वार्ता करेेंगे तथा दो-तीन दिन में समस्या का जल्द समाधान हो जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि टोलकर्मी सभी से अच्छा व्यवहार करेंगे।
भाकियू ने देर रात तक थाने में दिया धरना
गुलावठी। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों पर हुए हमले के विरोध में देर रात तक थाने में धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने गैस चूल्हा लाकर थाना परिसर में तहरी बनाई तथा वहीं पर खाई। भाकियू के नगर अध्यक्ष सुरेश पाल सिंह तेवतिया ने कहा कि गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों पर हमला किया गया, जोकि निंदनीय है। उन्होंने कहा कि आज किसान एवं मजदूर महंगाई से त्रस्त हैं। देर रात भाकियू कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन एसएसआई प्रमोद कुमार को सौंपा तथा अपना धरना समाप्त किया। इस मौके पर भाकियू के तहसील अध्यक्ष रोहताश तेवतिया, ब्लॉक अध्यक्ष वैभव वर्मा, सुरेशपाल सिंह तेवतिया, ओमवीर सिंह, राहुल वर्मा, सुलेमान, सुदेश कुमार आदि मौजूद रहे। नगर अध्यक्ष सुरेशपाल सिंह तेवतिया ने बताया कि गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों पर हुए हमले के मामले में किसानों की एफआईआर भी दर्ज हो गई। इस सूचना पर उन्होंने रात्रि में ही धरना समाप्त कर दिया।
गाजीपुर बॉर्डर रवाना हुए सैकड़ों कार्यकर्ता
औरंगाबाद। भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि के स्वागत समारोह में गाजियाबाद में हुए हंगामे-तोड़तोड़ के बाद भाजपाइयों द्वारा भाकियू के नेताओं पर एफआईआर दर्ज कराने को लेकर भाकियू मुखर हो गई है। एफआईआर से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को पूर्व जिलाध्यक्ष गुड्डू प्रधान की अगुवाई में सैकड़ों पदाधिकारी किसान क्रांति गेट के लिए रवाना हो गए। गुड्डू प्रधान ने बताया कि स्वागत समारोह के दौरान भाजपाइयों की आंदोलन को खत्म करने की साजिश थी। जिसे किसानों ने समय रहते हुए बचा लिया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आवाहन पर पदाधिकारी रवाना हो गए। इस मौके पर ठाकुर मदनपाल सिंह, कैप्टन विशन सिंह सिरोही, चौधरी अरब सिंह, नरेंद्र तेवतिया, सोनू पाठक, सलीम खान, गुरूपल ठाकुर आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।